ब्रेकिंग न्यूज, हाईटेंशन लाइन का तार टूटकर बाइक पर आ गिरा, बाइक समेत युवक आग का गोला बना,तड़प-तड़प कर युवक ने दम तोड़ दिया

अजीत कुमार सेठ की रिपोर्ट
जौनपुर। जिले के सरपतहां थाना क्षेत्र में बीती रात उस समय लोग सहम गए जब करंट प्रवाहित हाईटेंशन लाइन का तार टूटकर बाइक पर आ गिरा। तार की चपेट में आने से बाइक समेत युवक आग का गोला बन गया। तड़प-तड़प कर युवक ने दम तोड़ दिया। इस दर्दनाक मंजर को देख लोगों का रूह कांप उठा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना सरपतहां थाना क्षेत्र के सरायमोहिउद्दीनपुर-पट्टीनरेन्द्रपुर मार्ग पर रात 10 बजे घटी। यह तो शुक्र है कि तार की चपेट में कोई अन्य व्यक्ति नहीं आया, अन्यथा उसकी भी जान चली जाती। इस बार भी तार टूटने के पीछे लोग बिजली विभाग को दोष दे रहे हैं। मृतक की शिनाख्त क्षेत्र के अमावाखुर्द गांव निवासी शिवकुमार (38) पुत्र रामरतन बारी के रूप में हुई। वह शाहगंज स्थित एक होटल में नौकरी करता था।
