हमारे होते हुए प्रदेश मे कोई भी बच्चा अनाथ नही रहेगा – मुख्यमंत्री

भोपाल (सू.वि.)। मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि हमारे होते हुए प्रदेश में कोई भी बच्चा अनाथ नहीं रहेगा, हर बच्चा सनाथ होगा। न केवल ऐसे बच्चे जिनके माँ-बाप का कोविड से निधन हुआ है, बल्कि वे सभी बच्चे जो बेसहारा हैं, उनके खाने-पीने, शिक्षा, रहने आदि की व्यवस्था सरकार करेगी।
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रदेश में सभी बेसहारा बच्चों की देखभाल सुनिश्चित करने के लिए नई योजना बनाई जाए।मुख्यमंत्री श्री चौहान आज मंत्रालय में प्रदेश के बेसहारा बच्चों की देखभाल के संबंध में बैठक ले रहे थे। स्कूल शिक्षा मंत्री श्री इंदर सिंह परमार वीसी के माध्यम से शामिल हुए। बैठक में मुख्य सचिव श्री इकबाल सिंह बैंस, एसीएस श्री राजेश राजोरा, प्रमुख सचिव श्री अशोक शाह उपस्थित थे।
