भारतीय सहारा | जन-जन की बुलंद आवाज

भाजपा दिल्ली समेत देश के विभिन्न हिस्सों में बढते जनविक्षोभ से घबरा गई है – संदीप दीक्षित

0 17

उत्तर पूर्वी दिल्ली । दिल्ली के उत्तर-पूर्व जिले के करावल नगर विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस उम्मीदवार अरबिन्द सिंह के पक्ष में विभिन्न समुदायों के मतदाताओं का तेज ध्रुवीकरण होने लगा है। इस क्षेत्र में रहने वाले पूर्वांचलियों और अकलियतों ने ‘अपना अरबिन्द, घर-घर अरबिन्द’ का अभियान तेज कर दिया है । नौजवानों और महिलाओं ने हर वार्ड में अपने-अपने जत्थे बनाने शुरू कर दिए हैं । इस क्षेत्र के पूर्व सांसद जय प्रकाश अग्रवाल की सभा के बाद पिछली रात कांग्रेस के दलित नेता उदितराज और बिहार कांग्रेस अध्यक्ष मदनमोहन झा ने भी अरविंद सिंह के पक्ष में चुनावी सभाओं को संबोधित किया। रविवार को पूर्वी दिल्ली के

पूर्व सांसद और दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय शीला दीक्षित के पुत्र संदीप दीक्षित ने भी करावल नगर के सोनिया विहार में एक बड़ी सभा को संबोधित किया । श्री दीक्षित ने कांग्रेस उम्मीदवार अरबिन्द सिंह को जिताने की अपील करते हुए कहा कि भाजपा दिल्ली समेत देश के विभिन्न हिस्सों में बढते जनविक्षोभ से घबरा गई है और वह दिल्ली चुनाव जितने के लिए यहाँ दंगा कराना चाहती है । हमें सतर्क रह कर इस दंगाई राजनीति और सरकारी आतंक का जवाब देना है । श्री दीक्षित ने कहा कि हर धर्मं और जाति बिरादरी के मेहनतकश लोगों तथा अमन-चैनपसंद लोगों को एकजुट कर कांग्रेस ही यह जवाब दे सकती है ।
श्री संदीप दीक्षित ने मोदी सरकार के बजट पर टिप्पणी करते हुए कहा कि इस बजट में बढते आर्थिक संकट और बेरोजगारी को दूर करने का कोई संकल्प और मुकम्मल इंतजाम नहीं है । सरकार चाहे अपनी पीठ जितना भी थपथपा ले, यह बजट एक असफल और निराश सरकार की दिशाहीनता को ही दर्शाता है । कांग्रेस नेता और पूर्व सांसद राशिद अल्वी भी रविवार को कांग्रेस उम्मीदवार अरबिन्द सिंह के पक्ष में करावल नगर की सड़कों पर उतरे । उन्होंने कहा कि मोदी और शाह जम्हूरियत और तरक्की का सबसे बड़ा दुश्मन है । उन्होंने करावल नगर के मेहनतकशों और अल्पसंख्यक समुदाय के लोगों से अरबिन्द सिंह के पक्ष में हर इलाके में फ़ैल जाने की अपील की ।
इन सभाओं को संबोधित करते हुए कांग्रेस उम्मीदवार अरबिन्द सिंह ने कहा कि भाजपाई जुल्म और आतंक के खिलाफ लड़ने की ताकत केजरीवाल की साँप पार्टी में नहीं है । इस साँप पार्टी का जन्म और विकास ही संघ-भाजपा की सरपरस्ती में हुआ है । सिंह ने लोगों से अपील की कि वे जामिया और शाहीन बाग में गोली चलाने वालों के आकाओं तथा मेहनतकश पूर्वांचलियों के रोजी-रोजगार को ध्वस्त कर उनके साथ विश्वासघात करने वाले साँप पार्टी के लोगों को सबक सिखाएं और कांग्रेस को जिताएं । हम आपकी उम्मीदों पर खरे उतरेंगे । श्री सिंह ने कहा कि हमें दंगा नहीं, रोजगार चाहिए । हमें मोदी-शाह-योगी की जहरीली राजनीति नहीं, बेकारी और बेरोजगारी को दूर करने वाली कांग्रेस सरकार चाहिए ।

इस बीच, कांग्रेस उम्मीदवार अरबिन्द सिंह ने करावल नगर के सम्रग विकास के लिए अपना घोषणापत्र जारी किया । इसमें करावल नगर को मेट्रो से जोड़ने, टूटी-फूटी सड़कों से क्षेत्र को मुक्त करने, सभापुर से जगतपुर तक पुल और खजूरी चौक पर अंडरपास का निर्माण करने, पक्के नालों की व्यवस्था करने और जनभागीदारी से करावल नगर को गंदगी से मुक्त क्षेत्र में तब्दील करने के वादे किए गए हैं ।

कांग्रेस प्रत्याशी सिंह ने उच्चतर शिक्षा के लिए कॉलेज खुलवाने, क्षेत्र में अत्याधुनिक सुविधाओं से लैश सरकारी अस्पताल का निर्माण करवाने, युवाओं को रोजगारपरक प्रशिक्षण देने, रोजगार उपलब्ध कराने के लिए रोजगार सेंटर खोलने और क्षेत्र में सामुदायिक रेडियो केन्द्र स्थापित करने का वादा किया है ।

उन्होंने अपने घोषणापत्र में महिलाओं को स्वयं सहायता समूहों में संगठित कर बड़े पैमाने पर रोजगार सृजन करने, महिला सुरक्षा सुनिश्चित करने और करावल नगर के हर वार्ड में कामगार माताओं के बच्चे-बच्चिओं के लिए क्रेच का गठन करने एलान किया है ।

कांग्रेस उम्मीदवार ने असंगठित क्षेत्र के कामगारों, मसलन रेहड़ी-पटरी वालों, ऑटो-रिक्शा चालकों, निर्माण मजदूरों, गार्मेन्ट क्षेत्र के कामगारों और बादाम मजदूरों, की समस्याओं का निश्चित समय सीमा के भीतर ठोस समाधान करने का वादा भी किया है ।

Below News
Leave A Reply

Your email address will not be published.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More