श्रीकांत वर्मा साहित्य सम्मान से सम्मानित हुए 30 वरिष्ठ पत्रकार

निर्भीक और बेबाक पत्रकारिता के लिए याद किए गए श्रीकांत वर्मा–
सुजानगंज (जौनपुर)। कांग्रेस के पूर्व राज्यसभा सांसद एवं प्रसिद्ध पत्रकार-साहित्यकार स्व. श्रीकांत वर्मा की जयंती पर शुक्रवार को प्रणवम् एम्पायर, सुजानगंज में पत्रकार सम्मान समारोह आयोजित किया गया। जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष डा. प्रमोद कुमार सिंह की अध्यक्षता में हुए कार्यक्रम में क्षेत्र के करीब 30 वरिष्ठ पत्रकारों को अंगवस्त्र और श्रीकांत वर्मा अवार्ड प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ कांग्रेस सेवादल के प्रदेश मुख्य संगठक डा. प्रमोद कुमार पाण्डेय ने स्व. श्रीकांत वर्मा के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलित कर किया। उन्होंने कहा कि श्रीकांत वर्मा ने पत्रकारिता, साहित्य और राजनीति के क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बनाई। उनकी पत्रकारिता बेबाक, स्पष्ट और निर्भीक रही। सत्ता से सवाल करने में उन्होंने कभी संकोच नहीं किया।
जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष डा. प्रमोद कुमार सिंह ने कहा कि श्रीकांत वर्मा ने पत्रकारिता, साहित्य और काव्य रचनाओं के माध्यम से देश में अपनी अमिट छाप छोड़ी। उनका जीवन पत्रकारिता और साहित्य के क्षेत्र में कार्य करने वालों के लिए प्रेरणास्रोत है।
शहर कांग्रेस कमेटी जौनपुर के अध्यक्ष आरिफ खान ने अतिथियों और सम्मानित पत्रकारों के प्रति आभार जताया। कार्यक्रम का सफल संचालन दिव्या तिवारी ने किया।
इस अवसर पर कांग्रेस सेवादल के प्रदेश उपाध्यक्ष डा. रवीन्द्र कुमार मिश्र, राजेन्द्र प्रसाद यादव, सभासद शहनवाज मंजूर, कांग्रेस सचिव इरशाद खान राजू, शहर उपाध्यक्ष राजकुमार गुप्ता, जिला सचिव धीरज उपाध्याय और ब्लॉक अध्यक्ष जयप्रकाश मिश्रा ने भी विचार व्यक्त किए।
समारोह में पंकज सिंह, पंकज मणि तिवारी, सेवादल जिलाध्यक्ष आरिफ सलमानी, विजय शंकर, प्रतिभा यादव, सुनीता सोनी, अर्चना सिंह, शीतल मिश्रा, रेनू तिवारी, संजना पाल सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।



