विद्या भारती राष्ट्रीय ताइक्वांडो चैम्पियनशिप में पूर्वोत्तर के खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम

पंकज नाथ की रिपोर्ट
असम। विद्या भारती राष्ट्रीय ताइक्वांडो चैंपियनशिप 5 अक्टूबर को महाबीरी सरस्वती विद्या मंदिर, विजयहाटा, सिवान, बिहार में आयोजित की गई थी। इस प्रतियोगिता में विद्या भारती पूर्वोत्तर क्षेत्र के छात्रों ने विद्या भारती राष्ट्रीय ताइक्वांडो चैम्पियनशिप में कई पदक जीते। शिशु शिक्षा समिति असम के प्रांतीय प्रचार प्रमुख मुकुटेश्वर गोस्वामी ने गुवाहाटी में यह जानकारी देते हुए बताया कि अंडर-14 वर्ग में शंकरदेव शिशु निकेतन, सिंहद्वार के प्राणजीत कोंवर और हिरकज्योति चिरिंग फुकन, शंकरदेव शिशु निकेतन, काजीरंगा की कंकी गोगोई और शंकरदेव शिशु निकेतन, चांचकी की रानी फुकन ने स्वर्ण पदक जीते। जबकि शंकरदेव शिशु निकेतन, सिंहद्वार के लक्ष्य राज बरुआ, शंकरदेव शिशु निकेतन, धूपधारा की मृतिका दास तथा शंकरदेव शिशु निकेतन, बंशार की श्यामंतिका दास ने रजत पदक जीते। वहीं शंकरदेव शिशु निकेतन, बनगांव, डेरगांव के राहुल रेगन ने कांस्य पदक जीता। अंडर-17 वर्ग में शंकरदेव शिशु निकेतन, बोकाखाट की क्षीरोदा रेगन ने रजत पदक जीता। अंडर-17 वर्ग में लंबोदर बरगोहांई शंकरदेव विद्या निकेतन, डिमौ के ज्ञान कृष्ण कोंवर ने कांस्य पदक जीतकर अपने-अपने निकेतन के साथ ही पूर्वोत्तर क्षेत्र को गौरवान्वित किया। पुरस्कार विजेताओं को शिशु शिक्षा समिति, असम के प्रांतीय कार्यालय में विद्या भारती पूर्वोत्तर क्षेत्र के वरिष्ठ प्रचारक योगेंद्र सिंह सिसोदिया और शिशु शिक्षा समिति, असम के पदाधिकारियों द्वारा सम्मानित किया गया।
