मां-बाप का इकलौता बेटा था शिवा, झपट ले गई मौत

भारतीय सहारा संवाददाता
बलिया। दुबहर थाना क्षेत्र अंतर्गत बड़ी मठिया अखार गांव में शनिवार को खेलते समय पानी भरे एक गड्ढे में डूबने से एक किशोर की मौत हो गई। घटना की सूचना पर पहुंची दुबहर थाना पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
बड़ी मठिया अखार निवासी शिवा गिरी (12) पुत्र वकील गिरी मछली पालन के लिए बने जलयुक्त एक गड्ढे में खेलते हुए गिर गया। जिसके कारण डूबने से उसकी मौत हो गई। उसकी मौत की सूचना जैसे परिजनों को मिली, हाहाकार मच गया। वह अपने मां-बाप का इकलौता पुत्र था।
शिवा की मौत से परिवार टूट गया है। मां को मानो काठ मार गया हो। परिजनों के करूण-क्रंदन व चीत्कार से हर किसी की आंखों का कोर भींग जा रहा है। घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए बलिया भेज दिया। इधर परिजनों का रोते-रोते बुरा हाल है।
