आजादी का अमृत महोत्सव पर निकाली जागरूकता रैली, चेयरमैन ने नगरपालिका कर्मचारियों को किया सम्मानित


भारतीय सहारा संवाददाता
मुंगराबादशाहपुर, जौनपुर । गांधी जयंती पर आजादी के अमृत महोत्सव स्वच्छ भारत मिशन के तहत नगर पालिका के सभी कर्मचारियों को सम्मानित किया गया।नगर पालिकाध्यक्ष शिव गोविंद साहू के नेतृत्व में स्वच्छता जागरूकता रैली पूरे नगर में निकाली गई जिसमे जगह जगह नुक्कड़ सभाओं के माध्यम से स्वच्छता के महत्व पर प्रकाश डालते हुए नगर को स्वच्छ बनाने का संकल्प लिया गया। इस दौरान चेयरमैन शिव गोविंद साहू सहित सभासदों ने कचरा प्रबंधन के तहत जागरूकता रैली निकाली या नगरपालिका कार्यालय से निकलने के बाद कस्बे के मुख्य मार्ग से होते हुए नगर पालिका परिषद में शिक्षा स्वच्छता अभियान रैली का समापन हुआ। सभासद गणेश ऊमरवैश्य ने पालिका कर्मचारी सहित सफाई कर्मियों को जलपान करा कर सम्मानित किया। इस दौरान चेयरमैन शिव गोविंद साहू ने कहा कि स्वच्छ भारत मिशन सरकार की लोकप्रिय योजना है नगर को साफ स्वच्छ रखने के लिए और बीमारियों से बचने के लिए नगर क्षेत्र में साफ सफाई होना अति आवश्यक है। इस अभियान को सफल बनाने के लिए सरकार के साथ-साथ कर्मचारी और जनता का सहयोग होना अति आवश्यक है। सभासद गणेश ऊमर वैश्य ने कहा कि सरकार का स्वच्छ भारत अभियान मिशन तभी सफल हो पाएगा जब नगर का प्रत्येक व्यक्ति सहयोग करेगा । और कहा कि बिना जनता के सहयोग का कोई योजना सफल नहीं हो सकता। सभासद सूर्य लाल जायसवाल ने कहा कि पूरे नगर के 25 वार्ड में कूड़ा प्रबंधन के लिए नगर पालिका परिषद की ओर से कूड़ेदान का वितरण किया गया है इससे नगर साफ व स्वच्छ रहे तभी सरकार की योजना सफल होगी। सभासद संतोष कुमार मिश्रा ने स्वच्छ भारत मिशन को लेकर लोगों को इस अभियान के बारे में विस्तार पूर्वक बताया। संचालन विश्व हिंदू परिषद के जिला मंत्री विसंबर दुबे ने किया।
इस मौके पर सभासद आलोक कुमार गुप्ता (पिंटू) सभासद सूर्यलाल जायसवाल, धर्मेंद्र सिंह, गणेश गुप्ता, संतोष मिश्रा ,दीपक मोदनवाल, राजबहादुर चौरसिया, सभासद प्रतिनिधि प्रभात तिवारी रामजस मोर्या , विशंभर दुबे व नगर पालिका के सभी कर्मचारी अधिकारी उपस्थित रहे।
