भारतीय सहारा | जन-जन की बुलंद आवाज

सेवा मित्र एप के जरिए जनता को अब एक क्लिक पर मिलेगा काम और कामगार

0 23

भारतीय सहारा ब्यूरो बलरामपुर

बलरामपुर। डिजिटलीकरण के इस युग में डिजिटल दुनिया हर घड़ी एक नया अवसर हम सभी के सामने पेश कर रही है। ऐसे में हर हुनरमंद डिजिटल प्लेटफॉर्म पर अपने हुनर को एक बड़े रोजगार अवसर में बदलने की आस लगाए रहता है। दूसरी ओर उपभोक्ता वर्ग है जो मोबाइल के एक क्लिक में आस-पास मौजूद इलेक्ट्रिशियन, ब्यूटीशियन, प्लंबर, एसी मैकेनिक, कंप्यूटर मैकेनिक तथा कारपेंटर आदि का काम करने वाले लोगों की तलाश करता रहता है। ऐसे कुशल कामगारों और जरूरतमंद उपभोक्ताओं को डिजिटल प्लेटफॉर्म पर मिलाने के लिए उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा महत्वाकांक्षी ‘सेवा मित्र‘ योजना शुरू की गई है। सबको हुनर, सबको काम जैसे उद्देश्य के साथ शुरू किया गया सेवा मित्र एक डिजिटल प्लेटफॉर्म है। उत्तर प्रदेश श्रम एवं सेवायोजन विभाग तथा व्यावसायिक शिक्षा एवं कौशल विकास विभाग के संयुक्त प्रयासों से इस डिजिटल प्लेटफॉर्म को संचालित किया जा रहा है। उत्तर प्रदेश सरकार की इस महत्वाकांक्षी योजना का उद्देश्य इलेक्ट्रीशियन, कारपेंटर, ब्यूटीशियन, कुक, प्लंबर, ड्राइवर,जैसे रोजमर्रा घरेलू सेवाएं देने वाले लोगों के रोजगार को प्रमाणित कर उन्हें स्थानीय स्तर पर रोजगार दिलाना है। इसके अतिरिक्त पेंटिंग, गृह-निर्माण, कैटरिंग जैसी सुविधाएं भी इसमें शामिल की गई हैं। सेवा मित्र डिजिटल प्लेटफॉर्म का लाभ लेने के लिए कामगारों को प्ले स्टोर पर उपलब्ध सेवा मित्र ऐप पर अपने आप को पंजीकृत करना होगा ।
सेवा मित्र डिजिटल प्लेटफॉर्म शहरी व ग्रामीण दोनों क्षेत्रों में असंगठित कामगार वर्ग को सतत रोजगार उपलब्ध करा रहा है। साथ ही गुणवत्तापूर्ण, प्रमाणिक घरेलू सेवाएं चाहने वाले उपभोक्ताओं को एक क्लिक में निश्चित सूचीबद्ध सेवाएं प्राप्त हो रही हैं। सही अर्थों में सेवा मित्र सुविधा डिजिटल इंडिया, आत्मनिर्भर भारत और न्यू इंडिया के स्वप्न को एक नई उड़ान दे रहा है ।

Below News
Leave A Reply

Your email address will not be published.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More