जनपद को सुंदर बनाने के लिए कटिबद्ध हू और भविष्य में भी ऐसे कार्य जनपद में कराता रहूंगा – राज्यमंत्री गिरीश चंद्र यादव

भारतीय सहारा संवाददाता
जौनपुर (सू0वि0)। राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन नमामि गंगे परियोजना के अंतर्गत स्वीकृत सद्भावना पुल से हनुमानगढ़ होते हुए बजरंग घाट तक रिवरफ्रंट डेवलपमेंट जौनपुर (8.5 करोड़) की लागत के कार्य का शिलान्यास राज्यमंत्री आवास एवं शहरी नियोजन विभाग उत्तर प्रदेश शासन गिरीश चंद्र यादव के द्वारा विधिवत पूजा अर्चना कर किया गया।
माननीय राज्यमंत्री ने कहा जनपद को सुंदर बनाने के लिए कटिबद्ध हू और भविष्य में भी ऐसे कार्य जनपद में कराता रहूंगा। जनपद में नमामि गंगे परियोजना के अंतर्गत सद्भावना पुल से बजरंग घाट तक लाइटिंग शौचालय ग्रीनिंग व सड़कों के निर्माण कार्य के लिए स्वीकृति मिल चुकी है साथ ही 07 अंत्येष्टि स्थल का निर्माण होना है जिसकी प्रेडेटर एडिटिंग हो चुकी है, शीघ्र ही कार्य प्रारंभ हो जाएगा।
जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने कहा कि यह कार्य माननीय मंत्री जी के अथक प्रयासों से स्वीकृत हुआ है। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन नमामि गंगे की टीम के साथ मिलकर निर्धारित समय में पूरा कर लिया जाएगा। घाट को मॉडल घाट के रूप में विकसित किया जाएगा जिससे पर्यटन और धार्मिक रूप से उसका महत्व बढ़े। उन्होंने कहा कि शहर में नमामि गंगे योजना एवं अमृत योजना के तहत कार्य कराए जा रहे हैं, जिसकी वजह से नागरिकों को थोड़ी समस्या हो रही लेकिन अक्टूबर तक कार्य पूर्ण करा लिया जाएगा जिससे लोगों को बहुत सुविधा होगी। सीवर ट्रीटमेंट प्लांट बन जाने से गंदा पानी नदी में नहीं जाएगा और नदी को प्रदूषित होने से बचाया जा सकेगा।
इस अवसर पर ज्वाइंट मजिस्ट्रेट हिमांशु नागपाल अपर जिलाधिकारी भू राजस्व राजकुमार द्विवेदी, जिला सूचना अधिकारी मनोकामना राय सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी गण उपस्थित रहे।
