सवारियों से भरी टाटा मैजिक और ट्रक की टक्कर , 17 लोगों की मौत 5 घायल
शाहजहांपुर । आए दिन एक न एक एक्सीडेंट की घटनाएं सुनने को मिल रही है । उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर में बड़ा हादसा हो गया। थाना रोजा क्षेत्र के जमुका के पास NH-24 पर सवारियों से भरी टाटा मैजिक और ट्रक की टक्कर हो गई। इस हादसे में 17 लोगों की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर डीएम और एसपी पहुंच गए हैं।पुलिस अधीक्षक (नगर) दिनेश त्रिपाठी ने बताया कि सीतापुर से कपड़ा लेकर आ रहे एक ट्रक ने लखनऊ-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग पर जमुका चौराहे के पास आगे चल रहे टेंपो में टक्कर मार दी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने क्रेन मंगवा कर ट्रक को हटवाया, जिसके बाद बमुश्किल शवों को निकाला जा सका। उन्होंने बताया कि घटना में 5 अन्य लोग भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं। उन्हें शाहजहांपुर के मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। साथ ही मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं।वहीं 17 लोगों की मौत पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शोक व्यक्त किया है। उन्होंने दुर्घटना का संज्ञान लेते हुए घायलों को तुरंत राहत पहुंचाने के निर्देश दिए हैं। साथ ही उन्होंने जिला प्रशासन को उचित सहायता राशि प्रदान करने के निर्देश दिए हैं।
