वैज्ञानिक विधि व कृषि यंत्र पर आधारित खेती कर कृषक बन्धु बढ़ाये उत्पादन क्षमता-जिलाधिकारी
शिवगढ़ ,प्रतापगढ़ । जनपद स्तरीय रबी उत्पादकता किसान गोष्ठी व तिलहन मेले का शुभारम्भ आज कृषि भवन प्रांगण में जिलाधिकारी शम्भु कुमार ने फीता काटकर व दीप प्रज्जवलन कर किया। इस अवसर पर उन्होने कृषि विभाग द्वारा लगायी गयी विभिन्न यन्त्रों से सम्बन्धित प्रदर्शनी व अन्य विभागों द्वारा लगायी गयी प्रदर्शनी का अवलोकन किया और उसके सम्बन्ध में जानकारी भी प्राप्त की। जिलाधिकारी ने मेले में कृषक बन्धुओं को सम्बोधित करते हुये कहा कि जनपद स्तरीय रबी उत्पादकता किसान गोष्ठी व तिलहन मेले के आयोजन का प्रमुख उद्देश्य यह है कि रबी सीजन में कृषक बन्धु अधिक से अधिक गेहूॅ की बुवाई करें एवं कृषि यन्त्रों पर आधारित खेती करें जिससे उनके उत्पादन और आय में वृद्धि हो सके। उन्होने कहा कि यहां पर कृषि वैज्ञानिकों द्वारा जो वैज्ञानिक विधि व कृषि यंत्र आधारित खेती करने के सम्बन्ध में जानकारी दी गयी है वह उसको अपनाये और रासायनिक खादों का प्रयोग खेती में न करके जैविक खाद पर आधारित खेती करें तथा खेती के साथ-साथ ही पशुपालन, मुर्गी पालन आदि का भी व्यवसाय करें जिससे कृषक बन्धुओं की आय में वृद्धि हो सके। उन्होने किसान भाईयों को खेतों में फसल अवशेष जलाने से होने वाले दुष्परिणामों से अवगत कराते हुये कहा कि फसल अवशेष जलाने से जहां पर्यावरण का नुकसान होता है तो वहीं खेतो की उत्पादन क्षमता में कमी आती है और फसलों के अवशेष जलाने पर आपराधिक मामला बनता है और उस पर जुर्माना आदि का प्रावधान किया गया है इसलिये फसलों के अवशेष को न जलाकर मल्चर यन्त्र का प्रयोग करें जिससे फसल अवशेष खेतों में खाद के रूप में उत्पादन क्षमता को बढ़ाये।
किसान मेले में जिलाधिकारी ने कृषकों को सम्बोधित करते हुये कहा कि सरकार द्वारा संचालित योजनाओं का लाभ प्राप्त करने हेतु जिन किसान भाईयों ने अपना पंजीकरण न कराया हो वह प्राथमिकता के आधार पर अपना पंजीकरण करा लें क्योंकि सरकार द्वारा संचालित योजनाओं का लाभ पंजीकरण के पश्चात् ही मिलता है। सरकारी योजनाओं का लाभ प्रथम आवक-प्रथम पावत के आधार पर ही दिया जाता है। उन्होने कहा कि कृषक बन्धुओं द्वारा जो समस्यायें सिंचाई एवं खाद की उपलब्धता के सम्बन्ध उठायी गयी है उन समस्याओं के निस्तारण हेतु अधिशासी अभियन्ता सिंचाई एवं खाद की उपलब्धता हेतु ए0आर0 कोआपरेटिव व सम्बन्धित अधिकारियों को

निर्देशित करते हुये कहा इन समस्याओं के निराकरण में किसी प्रकार की लापरवाही व शिथिलता न बरती जाये और खाद की उपलब्धता प्रत्येक किसानों को समिति द्वारा उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाये व नहरों से टेल तक पानी पहुॅचाने का कार्य भी प्राथमिकता के आधार पर किया जाये।
किसान मेले में मुख्य विकास अधिकारी राजकमल यादव सहित संयुक्त कृषि निदेशक इलाहाबाद मण्डल आर0बी0 सिंह, उप निदेशक कृषि रघुराज सिंह, जिला कृषि अधिकारी अश्वनी कुमार सिंह, अधिशासी अभियन्ता सिंचाई सुधीर कुमार पाल, जिला खाद्य विपणन अधिकारी यू0पी0 सिंह सिसोदिया आदि सम्बन्धित विभाग के अधिकारियो ंने भी अपने विचार व्यक्त किये। इसके अलावा कृषि वैज्ञानिक डा0 अखिलेश श्रीवास्तव, डा0 नवीन सिंह, डा0 भास्कर शुक्ला, डा0 मुकेश सिंह आदि वैज्ञानिकों द्वारा किसानों भाईयों को खेती के विषय में जानकारी दी गयी। इस अवसर पर मंत्री मोती सिंह के प्रतिनिधि विनोद पाण्डेय, विधायक विश्वनाथगंज डा0 आर0के0 वर्मा के प्रतिनिधि बी0एल0 पटेल सहित अन्य कृषक बन्धु उपस्थित रहे।
