निर्दलीय प्रत्याशी चेयरमैन रंजीता धामा ने डोर टू डोर किया जनसंपर्क, लोगों ने किया जोरदार स्वागत

अंकित गोस्वामी की रिपोर्ट
लोनी ,गाजियाबाद। बुधवार को लोनी विधानसभा से निर्दलीय प्रत्याशी चेयरमैन रंजीता धामा ने डोर टू डोर जनसंपर्क कर अपने चुनावी अभियान को आगे बढ़ाया । इस दौरान अनेकों स्थानों पर क्षेत्रवासियों ने चेयरमैन का जोरदार स्वागत किया । जनसंपर्क के क्रम में रंजीता धामा सर्वप्रथम राम विहार, बृज विहार, आकाश विहार आदि क्षेत्रों में पहुंची और क्षेत्रवासियों से जनसंपर्क किया । इस दौरान स्थानीय निवासियों ने रंजीता धामा का जोरदार स्वागत किया और रंजीता मनोज धामा जिंदाबाद के गगनभेदी नारे लगाए और आगामी चुनाव में उन्हें विजयी बनाने का संकल्प लिया । तत्पश्चात रंजीता धामा ने मांडला ,टीला शाहबाजपुर, निस्तोली गांव, बेहटा हाजीपुर, गुलाब वाटिका,पंचवटी कालोनी, जवाहर नगर आदि समेत दर्जनों स्थानों पर क्षेत्रवासियों से जनसंपर्क किया एवं संविधान रचियता बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर व किसान मसीहा चौधरी चरण सिंह की मूर्ति पर माल्यार्पण भी किया। इस दौरान देश प्रदेश व लोनी वासियों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं देते हुए रंजीता धामा ने कहा कि जिस तरह से हमारे भारतवर्ष को वर्षों बाद गुलामी से आजादी मिली थी और आज ही के दिन भारत देश में संविधान लागू हुआ था और जिस तरह से देश को आजाद कराने के सैकड़ों क्रांतिकारियों ने अपनी अहम भूमिका निभाई थी, ठीक उसी तरह से लोनी को असुरों से मुक्ति दिलाने के लिए आप सबको अपनी भूमिका निभानी पड़ेगी । इन लोगों ने लोनी में षड्यंत्रों का जाल बुनकर केवल लोगों को उसमें फंसाने का काम किया है और जिसने इनका विरोध किया, उस पर अपने पद और सत्ता का दुरुपयोग कर झूठे मुकदमें लगाने का कार्य इन्होंने किया । सैकड़ों लोगों के जीवन से खिलवाड़ कर इन्होने उनके चरित्र पर भी दाग लगाने का कार्य किया है, जिसका परिणाम आप लोगों के आशीर्वाद से इन्हें जल्दी मिलने वाला है। साथ ही रंजीता धामा ने यह भी कहा कि उनके और पूर्व चेयरमैन मनोज धामा के ऊपर अभी तक लोनी के शहरी क्षेत्र की जिम्मेदारी थी,जिसे उन्होने पूरी निष्ठा के साथ निभाया है और अब अगर आप लोगों के आशीर्वाद से उन्हें लोनी विधानसभा का प्रतिनिधित्व करने का मौका मिला तो वे उसे भी पूरी निष्ठा से निभाने का कार्य करेंगी । इस दौरान रंजीता धामा ने अनेकों स्थानों पर क्षेत्र के बुजुर्ग व प्रबुध्दजनों के हाथों से झंडा फहराने का भी कार्य किया । विभिन्न कार्यक्रमों में सैकड़ों की संख्या में लोग मौजूद रहें ।
