जिले की सीमाओं पर सख्त हुआ पहरा जिलाधिकारी द्वारा किया गया निरीक्षण

शिवकुमार तिवारी की रिपोर्ट
अयोध्या,बीकापुर। कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली चौरे बाजार चौकी अंतर्गत स्थित अयोध्या और सुल्तानपुर बॉर्डर पर लगे बैरियर पर पहुंचकर जिलाधिकारी अनुज कुमार झा द्वारा बुधवार दोपहर निरीक्षण करते हुए सुरक्षा का जायजा लिया गया। और सीमा को पूरी तरह सील करने का निर्देश दिया गया। इस दौरान बैरियर पर ड्यूटी में लगे पुलिसकर्मियों को सख्ती के साथ निर्देशित करते हुए बाहरी जनपद से आने वाले व्यक्तियों पर कड़ी निगरानी रखने का निर्देश दिया गया। तथा सीमा बैरियर पर लगे स्वास्थ्य कर्मियों को गैर जनपद से आने वाले व्यक्तियों को चिन्हित कर उनका स्वास्थ्य परीक्षण करने का भी निर्देश दिया गया। चौरे बाजार में खुली किराने की दुकानों का जायजा लेते हुए दुकानदारों को सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करने के लिए कहा गया तथा यह भी बताया गया कि निर्धारित किए गए समय के अनुसार ही दुकान खुलेगी और बंद होंगी। और यह हिदायत भी दी गई कि प्रशासन द्वारा जारी किए गए रेटलिस्ट के अनुसार ही सामानों को उचित दाम पर बेचा जाए। जिलाधिकारी द्वारा स्थानीय चौकी प्रभारी अभिनंदन पांडे को लाक डाउन का उल्लंघन करने वाले व्यक्तियों के प्रति सख्त कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया। और बताया गया कि लॉक डाउन के दौरान अनावश्यक रूप से घूमने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध मुकदमा भी दर्ज किया जाए। इसके साथ सुल्तानपुर सीमा के बैरियर पर विशेष रूप से चौकसी बरतते हुए स्वास्थ्य परीक्षण करने के साथ परमिशन पास होने पर ही जिले में इंट्री दी जाए। जिलाधिकारी ने गेहूं क्रय केंद्र विपणन शाखा खजुरहट और किसान साधन सहकारी समिति बीकापुर गेहूं क्रय केंद्र का भी निरीक्षण किया गेहूं क्रय केंद्र पर आने वाले किसानों और लोगों के लिए सुरक्षा उपाय करने के लिए कहा तथा सैनिटाइजर साबुन और पानी की व्यवस्था रखने का दिशा निर्देश दिया। निर्देश दिया कि किसानों को टोकन जारी करके टोकन के अनुसार ही गेहूं की खरीद की जाए। हल्का लेखपाल अपने अपने क्षेत्र में गेहूं किसानों को बिक्री के लिए टोकन जारी करें। बगैर टोकन के गेहूं ना खरीदा जाए। इस दौरान जिलाधिकारी के साथ उप जिलाधिकारी जयंत कुमार और पुलिस क्षेत्राधिकारी कोमल प्रसाद मिश्रा भी मौजूद रहे।
